टिहरी गढ़वाल: ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडियाला से आगे साकनीधार के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक क्रेन स्विफ्ट कार को टो करने के दौरान ब्रेक फेल होने के कारण गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति और क्रेन में दो व्यक्ति सवार थे। सूचना मिलते ही ब्यासी स्थित एसडीआरएफ टीम के सब इंस्पेक्टर नीरज चौहान के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम के साथ तत्काल रेस्क्यू के लिए साकनीधार की ओर रवाना हुई। एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि स्विफ्ट कार लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी। कार एक पहाड़ी पर अटकी पड़ी थी जो कभी भी नीचे गिर सकती थी। एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सबसे पहले स्विफ्ट में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर खाई में फंसे स्विफ्ट कार में फंसे दो घायलों को प्राथमिक उपचार देकर देवप्रयाग स्थित नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद खाई में गिरी क्रेन का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर 150 मीटर नीचे गहरी खाई में उतरकर देखा कि क्रेन में फंसे दो व्यक्तियों में से एक गंभीर रूप से घायल था। उन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम ने गहरी खाई में उतरकर गंभीर रूप से घायल तक पहुंच बनाई। गंभीर घायल को रोप रेस्क्यू के माध्यम से स्ट्रेचर के साथ ऊपर सड़क पर लाने का काम शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद गंभीर घायल को सड़क तक सुरक्षित पहुंचाया गया। प्राथमिक चिकित्सा देकर तुरंत अस्पताल भेजा गया। इससे पहले स्थानीय निवासियों और नागरिक पुलिस ने एक व्यक्ति को पूर्व में ही निकाला लिया था।
घायलों में परविंदर सिंह, गुरजीत सिंह निवासी पंजाब, संजय निवासी श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल, जॉनी निवासी श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल शामिल है। एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम में उपनिरीक्षक नीरज चौहान, हेडकांस्टेबल प्रेम बिष्ट, कांस्टेबल विक्रम चौहान, अनिल चौहान, अमित नौटियाल, पैरामेडिक्स संदीप रतूड़ी उपनल चालक नंदकिशोर शामिल रहे।