देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। बुधवार को बारिश के कारण देहरादून के तापमान में गिरावट आई है। देहरादून का अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
नई टिहरी का अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को देहरादून में आसमानी आफत बरसी। देर रात से शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर पूरे दिन भी होती रही, जिसकी वजह से कई जगहों पर जल भराव हो गया और लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ीं।
भारी बारिश के चलते नदी-नाले भी उफान पर आ गए। रायपुर क्षेत्र के तीन गांवों में मलबा आने से 12 से अधिक लोगों ने भाग कर जान बचाई और पोल्ट्री फार्म में रात गुजारी। रायपुर के सेमलवाला और सिरवालगढ़ में भारी बारिश के चलते मलबा आ गया था। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। घरों में मलबा और जलभराव होने से लगभग 12 लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई और एक पोल्ट्री फार्म पर रात भर रहे।
मूसलाधार बारिश के चलते गुचुपानी, देव पुरम और लोअर नेहरू ग्राम सहित एक दर्जन से अधिक जगह पर जल भराव हुआ जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई घरों में पानी घुस गया। लोअर नेहरु ग्राम में तो एक गली में कई फीट पानी भर गया और घरों के अंदर तक जलभराव से काफी नुकसान भी पहुंचा है।नगर निगम की टीम ने पंप लगाकर गली से और घरों से पानी निकला। वहीं कैंट रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरने से दून स्कूल के पूर्व कर्मचारी और परिवार के लोग घायल हो गए, जबकि मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।