देहरादून: पिछले दिनों भारी बारिश के कारण शहर व आसपास के इलाकों में हुए जलभराव की आपदा से पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कांग्रेस नेता भुवन कापड़ी ने धन्यवाद किया है। सीएम धामी तत्परता का स्थानीय कांग्रेस विधायक और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने खुले दिल से सराहना करते हुए उन्हें थैंक यू कहा है।
पिछले दिनों भारी बारिश के कारण खटीमा शहर व आसपास के ग्रामीण इलाके भारी जलभराव का शिकार हो गए थे और इसके चलते हजारों परिवारों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। कई परिवारों के सम्मुख तो रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अविलंब क्षेत्र का दौरा किया और आपदा पीड़ितों के लिए प्रति परिवार पांच हजार की दर से राहत राशि के रूप में दस करोड़ स्वीकृत किए। जिसे युद्धस्तर पर पीड़ितों के बीच बांटा जा रहा है।
कांग्रेस विधायक कापड़ी ने इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष धन्यवाद करना चाहते हैं कि उन्होंने आपदा में तत्काल खटीमा का दौरा कर पीड़ितों की व्यथा को समझा और राहत के रूप में दस करोड़ रुपये स्वीकृत किए और साथ ही बड़ी संख्या में राशन के किट भी बंटवाए।
विधायक भुवन कापड़ी ने खटीमा आपदा में राहत के लिए अपनी इस वर्ष की विधायक निधि से एक करोड़ रुपये की धनराशि दिए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस धनराशि को आपदा राहत के निर्धारित नियमों के अनुसार खर्च किया जा सकेगा।