देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि प्रतिमाह 100 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को बिल में 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। अपने जन्मदिन के मौके पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों के लिए यह मानक 200 यूनिट होगा। यह सुविधा एक किलोवाट तक के विद्युत भार वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगी और इस योजना का लाभ लगभग 11 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उर्जा निगम की गढ़वाल और कुमांऊ क्षेत्र में केन्द्र पोषित पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के अन्तर्गत 16 लाख स्मार्ट मीटरों की स्थापना एवं एशियाई विकास बैंक द्वारा बाह्य सहायतित देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों की विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने वाले कार्यों की शुरूआत भी की। देहरादून में लाइनों को भूमिगत करने में लगभग 977 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत शिकारपुर, रुड़की और हरिद्वार में बने भवनों के 101 लाभार्थियों को कब्जा पत्र और चाबी सौंपी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पुष्कर सिंह धामी को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु बनाए और स्वस्थ जीवन दे। योगी आदित्यनाथ ने पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पावन देवभूमि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपको उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की प्राप्ति हो। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं आपके यशस्वी नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति करे, बाबा केदारनाथ से यही प्रार्थना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान ने भी पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी।