देहरादून: उत्तराखंड में भी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्थिति साफ कर दी गई है। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने किसी भी स्थिति में अपराध के मामलों पर कोई रियायत नहीं बरतने का आदेश जारी किया है। धामी सरकार ने क्राइम केसों में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने को कहा है। पुलिस की ओर से भी इस पर अब काम तेज हो गया है। हरिद्वार जूलरी शॉप लूट केस मामले में आरोपी के एनकाउंटर से साफ हो गया है कि यूपी पुलिस की तर्ज पर ही उत्तराखंड पुलिस भी काम करती दिख रही है। अब इस संबंध में प्रदेश के पुलिस प्रमुख डीजीपी अभिनव कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि बंदूक वाले बदमाशों को पुलिस की ओर से जवाब गोली से मिलेगा।
हरिद्वार में जूलर्स शॉप डकैती केस में एक बदमाश के एनकाउंटर के बाद डीजीपी अभिनव कुमार ने पुलिस की पीठ ठोंकी है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी ने कहा कि देवभूमि में बंदूक के बल पर अपराध करने वालों को सीधा गोली से जवाब दिया जाएगा। साथ ही, डीजीपी ने एनकाउंटर वाली टीम को 1 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की। डीजीपी ने कहा कि हरिद्वार में डकैती के तुरंत बाद ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार रात एक बदमाश मार गिराया गया। सोमवार दोपहर बाद दो बदमाशों को पकड़कर 50 लाख रुपये के जेवर और हथियार बरामद किए गए।
डीजीपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो लोग यह समझते हैं कि देवभूमि में अपराध करके बच जाएंगे। यह काउंटर उनके लिए सीधा जवाब है ।डीजीपी ने कहा कि इस वारदात के खुलासे में पुलिस ने टेक्नोलॉजी-ह्यूमन इंटेलिजेंस का बेहतरीन प्रयोग किया। डीजीपी ने कहा कि यह केस इस समय उत्तराखंड पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके पूरी तरह से खुलासे और मुख्य रूप से शामिल पांच से फरार दो बदमाशों की गिरफ्तारी की कोशिश हो रही है। साथ ही, लूट के माल की 100 फीसदी रिकवरी का लक्ष्य रखा गया है। गिरफ्तार बदमाशों से मिली जानकारी के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
डीजीपी ने डकैती कांड में इतना जल्द खुलासे पर हरिद्वार के एसपी परमिंदर डोबाल और उनकी पूरी टीम की तारीफ की। इस दौरान आईजी गढ़वाल भी मौजूद रहे। डीजीपी ने कहा कि 15 साल पहले दिन देहरादून में हुए रणवीर एनकाउंटर के बाद उत्तराखंड पुलिस ने अपना रुख लचीला कर लिया था। बदमाशों के हौसले बुलंद होने लगे थे। अब कुछ समय पहले उधम सिंह नगर में एक ग्रंथी की हत्या और उसके बाद हरिद्वार की डकैती में हुए एनकाउंटर ने पुलिस की सख्त छवि को दोबारा पेश किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में अपराध करने वालों के लिए काल बनेगी।
डीजीपी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने कानून व्यवस्था पर कई सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी। हम उनकी चिंता को ध्यान रखते हैं। लेकिन उनको पुलिस और सरकार पर भरोसा रखना होगा। पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा को लेकर तत्पर है। हम अपराध को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकते। मगर समय पर खुलासा और उसको दोबारा होने देने से रोकने का आश्वासन देते हैं।
डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि ज्वेलर्स को भी अपनी सुविधा सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना होगा। ऐसी दुकानों में सीसीटीवी और गेट पर सशस्त्र गार्ड और अंदर एंटी थेफ्ट अलार्म जैसी तकनीकें लगानी होगी। उन्होंने कहा कि होटल, धर्मशाला और लॉज को भी लोगों को किराए पर देते समय सतर्कता बढ़ती होगी। मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन जरूर करना चाहिए। डीजीपी ने कहा कि जिस डकैती के खुलासे के बाद कई तथ्य पुलिस के सामने आए हैं। हमें पुलिस का क्रिमिनल इंटेलिजेंस नेटवर्क बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए बेसिक पुलिसिंग के सिद्धांत को और मजबूत करना होगा।