ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में पर्यटक आज से रिवर राफ्टिंग का आनंद ले सकेंगे। रिवर राफ्टिंग के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। साहसिक खेल विभाग ने संयुक्त निरीक्षण टीम की रिपोर्ट पर गंगा में रिवर राफ्टिंग की अनुमति दे दी है। रिवर राफ्टिंग का संचालन शुरू होने पर राफ्टिंग व्यापारी अपने राफ्ट और अन्य उपकरणों को व्यवस्थित करने में लग गए हैं।
यूपी, दिल्ली, हरियाणा, मुंबई, राजस्थान, कोलकाता समेत कई राज्यों के पर्यटक मुनि की रेती शिवपुरी लक्ष्मण झूला तपोवन स्वर्ग आश्रम आदि क्षेत्रों में रिवर राफ्टिंग के लिए पहुंचते हैं। यहां पहुंचने वाले पर्यटक ब्रह्मपुरी और मरीन ड्राइव से राफ्टिंग करेंगे। बारिश के कारण 30 जून को नदी में रिवर राफ्टिंग का संचालन बंद हो गया था। अब पुनः रिवर राफ्टिंग शुरू होने पर प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में पर्यटक शिवपुरी ब्रह्मपुरी और क्लब हाउस राफ्टिंग पॉइंट से राफ्टिंग का आनंद लेंगे।
राफ्टिंग संचालन की अनुमति मिलने पर यहां कारोबार करने वाले व्यापारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। राफ्टिंग कारोबारी जीत पाल सिंह, राज सिंह, विनोद थपलियाल ने बताया कि करीब ढाई महीने बाद रिवर राफ्टिंग का संचालन शुरू हो रहा है। इससे निश्चित ही आमद और आमदनी दोनों ही बढ़ेंगे। राफ्टिंग शुरू होने की सूचना मिलने के बाद से ही व्यापारियों और यहां काम करने वाले गाइड खुश हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग आनी शुरू हो गई है। राफ्टिंग का संचालन शुरू होने से क्षेत्रीय होटल धर्मशाला के साथ यातायात के रोजगार में भी बढ़ोतरी होगी। साहसिक खेल अधिकारी जसपाल चौहान ने कहा कि नदी का जल स्तर बड़ा होने से अभी मरीन ड्राइव से शिवपुरी और ब्रह्मपुरी से राम झूला नीम बीज तक ही राफ्टिंग का संचालन होगा। जैसे-जैसे जलस्तर कम होना शुरू होगा, वैसे ही क्लब हाउस और आधी राफ्टिंग पॉइंट से भी राफ्टिंग करवाई जाएगी। ऋषिकेश में राफ्टिंग बुक करवाने के लिए निजी कंपनियों की ऑनलाइन साइट पर जाकर राफ्टिंग बुक करवाई जा सकती है। इसके लिए गूगल पर कई निजी कंपनियां रजिस्टर्ड हैं।