देहरादून/मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में शनिवार की देर शाम को दो युवकों नशे की हालत में लाइब्रेरी मस्जिद में नमाज के समय घुस गए। आरोप है कि युवक मुस्लिम समाज के खिलाफ अपशब्द बोलकर उनको ठेस पहुंचाने लगे। इसको लेकर देर रात ही मुस्लिम समाज के लोग मसूरी कोतवाली पहुंचकर दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत की और कठोर कार्रवाई की मांग की।
मसूरी पुलिस ने रविवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके खिलाफ धारा 151 और दंड प्रक्रिया संहिता धारा 107 116 सीआरपीसी में मुकदमा दर्ज कर किया गया है। वहीं दूसरे युवक के स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उसे मसूरी के उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
मसूरी कोतवाल अरविंद चौधरी ने बताया कि मुस्लिम समाज के साथ की गई अभद्रता को लेकर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इसके तहत अनिकेत अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा कपिल राणा अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने बताया कि मसूरी शहर का माहौल किसी भी हाल में खराब नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों समुदाय के लोग कोतवाली आए थे और आपस में उनका किसी प्रकार का मनमुटाव नहीं है। दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।