नई दिल्ली: शिक्षा मंत्रालय के सचिव के. संजय मूर्ति भारत के नए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) होंगे। मूर्ति फिलहाल शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं। के. संजय मूर्ति 1989 बैच के आईएएस अधिकारी है। मूर्ति वर्तमान सीएजी गिरिश चंद्र मुर्मू की जगह लेंगे। केंद्र सरकार ने उनकी सीएजी के रूप में नियुक्ति की है।
के. संजय मूर्ति आंध्र प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इस भूमिका में, मूर्ति उच्च शिक्षा से संबंधित नीतियों की देखरेख करते थे। सरकारी पहलों को लागू करवाना और देश भर में शैक्षिक विकास को बढ़ावा देने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम करना उनकी जिम्मेदारी थी।
संजय मूर्ति, गिरिश चंद्र मुर्मू की जगह लेंगे। गिरिश चंद्र मुर्मू को अगस्त 2020 में CAG नियुक्त किया गया था। CAG बनने से पहले, मुर्मू नए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के पहले उपराज्यपाल थे। नए CAG के सामने कई चुनौतियां होंगी। सरकार को उनके अनुभव और क्षमता पर भरोसा है। सरकार को उम्मीद है कि वे अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएंगे। CAG भारत सरकार के अकाउंट्स की जांच करता है। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण पद है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 148 के तहत मूर्ति को नियुक्त किया है।