ऋषिकेश: उत्तरखंड में रविवार देर रात शादी समारोह में शामिल होने आए मेहमान ट्रक की चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो गए। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार की मौत एम्स ले जाते समय हो गई। ट्रक ने शादी समारोह में शामिल होने आए कई लोगों की कारों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है।
रविवार को देर रात ऋषिकेश के देहरादून ऋषिकेश मार्ग पर स्थित नटराज चौक के पास एक व्यवसायी के बेटे की शादी उसके ही रिजॉर्ट में हो रही थी। इसमें शामिल होने के लिए नगर और आस-पास के सैकड़ों लोग शामिल हो रहे थे। इस दौरान नटराज चौक के समीप स्थित फ्लाईओवर के पास सीमेंट से भरे एक ट्रक ने कई कारों को टक्कर मारते हुए दो लोगों को कुचल डाला। वहीं कई अन्य लोग को भी गंभीर चोटें आईं।
यह सभी रिजॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इस दुर्घटना में जहां दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार की एम्स अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों तथा मृतकों को अस्पताल भिजवाया। इस दौरान शादी समारोह में शामिल होने आए लोगों की पुलिस की लचर ट्रैफिक व्यवस्था के प्रति नाराजगी देखी गई। शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रैकों को दुर्घटना का कारण भी माना जो बेतरतीब ढंग से कभी भी सड़क पर निकल जाते हैं।