देहरादून: डोइवाला इलाके में लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास हाइवे पर अचानक विशालकाय हाथी आने से वाहन चालकों की अफरातफरी मच गई। हाथी को बीच सड़क चिंघाड़ते हुए देखकर कार में अंदर बैठे लोग सहम गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ देर तक हाइवे पर चहलकदमी करने के बाद हाथी चुपचाप जंगल में चला गया।
ये घटना बुधवार शाम चार बजे की है। हाइवे पर यातायात सामान्य गति से चल रहा था। अचानक एक गजराज बीच सड़क पर आकर टहलने लगे। देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लच्छीवाल टोल प्लाजा के पास विशालकाय हाथी देखकर राहगीर घबरा गए। हाथी चहलकदमी करते हुए चिंघाड़ने लगा। लोग उसे देखकर सहम गए। थोड़ी देर तक गजरात बीच हाइवे टहलकदमी करते रहे, फिर जंगल की तरफ चले गए।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ही अपर जौलीग्रांट इलाके में एक हाथी ने लकड़ी लेने गए जंगल गए पति और पत्नी की जान ले ली थी। वन विभाग आशंका जता रहा है कि हाइवे पर चहलकदमी करने वाला हाथी वही हो सकता है। लच्छीवाला टोल प्लाजा घटनास्थल के पास ही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस हाइवे पर पहले भी कई बार हाथी आ चुके हैं। जब तक हाथी सड़क पर घूमता है, तब तक ट्रैफिक थम जाता है।