चमोली: इस साल चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले चमोली में हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी को जोड़ने वाला पुल टूट गया। बुधवार को हुए इस हादसे के बाद दोनों जगहों जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। पहाड़ी से एक बोल्डर गिरने की वजह से पुलिस टूट गया है। यह हादसा गोविंद घाट इलाके में हुआ है।
पुल टूटने से पुलना, घांघरिया, भ्यूंडार, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के प्रबंधक सेवा सिंह ने चमोली जिला प्रशासन को इसके बारे में जानकारी दे दी है। उन्होंने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले इस पुल को जल्द बनाए जाने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि हेमकुंड साहिब सिखों का पवित्र तीर्थस्थल है। यह मई से अक्टूबर तक खुला रहता है। बाकी मौसम में बंद रहता है। इस साल हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खोले जाएंगे।