देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 125 किलो डायनामाइट बरामद होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने ऑल्टो कार सवार तीन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। ये लोग पुलिस को विस्फोटक पदार्थों के परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड में बड़े विस्फोट की साजिश रचने का अंदेशा जताया जा रहा है।
शुक्रवार को त्यूणी पुलिस की तरफ से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक ऑल्टो कार को चेक किया गया तो वाहन में 5 पेटी डायनामाइट मिला। इसका कुल वजन 125 किलो निकला। वाहन सवार व्यक्तियों से विस्फोटक पदार्थ को परिवहन करने के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, जो दिखा नहीं पाए। आरोपियों की पहचान रिंकू, रोहित और सुनील के रूप में हुई है।
पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। यह घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ाती है और अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों के परिवहन पर नियंत्रण की आवश्यकता को दर्शाती है।