देहरादून: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से योजना तैयार की गई है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) की ओर से एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। पर्यटन सचिव एवं बोर्ड के सीईओ धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन (IMF), वन विभाग, इको टूरिज्म विकास निगम और विभिन्न पर्यटन संगठनों के शीर्ष अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए।
देहरादून में हुई बैठक में नंदा देवी शिखर को फिर से पर्वतारोहण के लिए खोलने पर पर चर्चा हुई। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियानों के त्वरित संचालन पर भी विचार किया गया। हिम तेंदुए आधारित ईको-टूरिज्म, पर्यटकों की सुरक्षा, सिंगल विंडो पोर्टल और वार्षिक एडवेंचर मीट समेत कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई।
उत्तराखंड सरकार ने इस बैठक से यह स्पष्ट संकेत दिया है कि साहसिक पर्यटन को शासन केवल रोमांच तक सीमित नहीं रखना चाहती है। सरकार की कोशिश इसे स्थायी विकास, पर्यावरण संतुलन, सुरक्षा और रोजगार से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का माध्यम बनाने की है। पर्यटन के लिए सरकार समग्र विकास की योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी में है।