देहरादून: उत्तराखंड में आज से तीन दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने का संभावना है। नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और पौड़ी में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश के दौर हो सकते हैं। उत्तराखंड में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश की रफ्तार हल्की बनी हुई है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चल रही है। कहीं-कहीं बारिश के हल्के दौर भी हो रहे हैं। देहरादून में शनिवार सुबह से ही चटक धूप खिली रही। हालाँकि बीच-बीच में बादल भी छाते रहे। तेज धूप निकलने के कारण गर्मी ने बेहाल करके रखा। शाम तक बादल छाए की वजह से उमसभरी गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए।
देहरादून सहित उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से अगले 3 दिनों तक प्रदेश से ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश का सिलसिला फिर जोर पकड़ सकता है। खासकर कुमाऊँ मंडल के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश के दौर हो सकते हैं। हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जनपदों में तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका है। भारी बारिश के दौरान नदी नाले उफान पर आ सकते हैं, जिसको देखते हुए लोगों से नदी नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।