World's Best School Prizes 2025 Top 10 Finalists: दुनिया के टॉप 10 स्कूल में भारत के 4 स्कूलों में जगह बनाई है। अच्छी बात यह है कि इस लिस्ट में एक सरकारी स्कूल का नाम भी शामिल है। 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज' 2025 के लिए टॉप 10 फाइनलिस्ट स्कूलों की लिस्ट (Top 10 Finalists for Prestigious World’s Best School Prizes 2025) जारी हो चुकी है।
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, NIT-5 ने इतिहास रच दिया है। इसे दुनिया के टॉप 10 स्कूलों में शामिल किया गया है। यह अवॉर्ड यूके में दिया जाता है, जो स्कूलों द्वारा समाज के विकास में किए गए योगदान को सम्मानित करता है।
इसके साथ ही हरियाणा समेत कई राज्यों के स्कूल 'बेस्ट स्कूल टू वर्क' कार्यक्रम में शामिल होने की दौड़ में हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूलों को अच्छे शिक्षकों को आकर्षित करने और बनाए रखने में मदद करना है। इन सभी पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा अक्टूबर 2025 में होगी। इस उपलब्धि पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
फरीदाबाद के स्कूल को यह सम्मान 'सपोर्टिंग हेल्दी लाइव्स' कैटेगरी में मिला है। स्कूल जोखिम में रहने वाली लड़कियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है। इसका लक्ष्य सामाजिक परेशानियों को दूर करना है, ताकि कोई भी लड़की पीछे न रहे।
शिक्षा मंत्री महिपाल का कहना है कि यह उपलब्धि दिखाती है कि सरकारी स्कूल भी ग्लोबल लेवल पर बेहतरीन काम कर सकते हैं। फरीदाबाद स्कूल की इस पहचान से अन्य सरकारी स्कूलों को इनोवेशन और स्टूडेंट वेलफेयर को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए सुधारों जैसे स्मार्ट क्लासरूम, STEM लैब और टीचर ट्रेनिंग को इससे और रफ्तार मिलेगी।
'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज़' की शुरुआत यूके स्थित T4 एजुकेशन ने COVID-19 पेंडेमिक के बाद की थी। यह उन स्कूलों को सम्मानित करता है, जो कक्षाओं के अंदर और बाहर दोनों जगह बेहतर बदलाव ला रहे हैं। T4 एजुकेशन एक ग्लोबल प्लेटफॉर्म है, जो 100 से ज्यादा देशों के 200,000 से ज्यादा टीचर्स को जोड़ता है। इसका उद्देश्य दुनिया भर में शिक्षा को आगे बढ़ाना है। इस कॉन्पिटिशन में हर कैटेगरी में 10 फाइनलिस्ट स्कूल हैं। सभी 50 स्कूल 'कम्युनिटी चॉइस अवार्ड' के लिए एक पब्लिक वोटिंग में भी हिस्सा ले रहे हैं। यह वोटिंग इस सप्ताह शुरू हुई है।
फरीदाबाद के स्कूल को 'सपोर्टिंग हेल्दी लाइव्स' कैटेगरी में नामांकित किया गया है। इसका मतलब है कि स्कूल लड़कियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए बहुत अच्छा काम कर रहा है। स्कूल उन्हें पोषण, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सहायता और शिक्षा प्रदान करता है, ताकि वे बेहतर जीवन जी सकें।
सभी 50 फाइनलिस्ट स्कूल 'कम्युनिटी चॉइस अवार्ड' के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इसके फाइनल रिजल्ट अक्टूबर में घोषित किए जाएंगे। लोग ऑनलाइन वोट करके अपने पसंदीदा स्कूल को चुन सकते हैं। जिस स्कूल को सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे, उसे यह प्राइज मिलेगा। विजेताओं को अबू धाबी में होने वाले 'वर्ल्ड स्कूल्स समिट' में बुलाया जाएगा। वहां वे दुनिया भर के शिक्षा विशेषज्ञों के साथ अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। इससे दूसरे स्कूलों को भी बेहतर करने में मदद मिलेगी।