देहरादून/टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा होने की सूचना सामने आई है। ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ब्यासी पुलिस चौकी से एसडीआरएफ टीम को हादसे की जानकारी मिली। बछेलीखाल क्षेत्र में एक यात्री बस श्रीनगर से ऋषिकेश आते समय ब्रेक फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
मौके पर पहुंची SDRF टीम को रूपकुंड पर्यटन विकास समिति की एक यात्री बस सड़क पर पलटी हुई मिली, जिसमें 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस चालक की सूझबूझ से सड़क पर ही पलट गई, नहीं तो बस गंगा नदी में गिर सकती थी। टीम ने तत्काल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान सभी यात्री सुरक्षित पाए गए। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं दो घायलों को तत्काल ऋषिकेश स्थित अस्पताल भिजवाया गया।
वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड के ही चमोली जिले में एक अन्य हादसा सुबह हुआ। यहां हरियाणा का एक परिवार कार में बद्रीनाथ से लौट रहा था। पातालगंगा के पास कार पर पहाड़ से पत्थर गिरने लगे। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। वहीं महिला का पति और बच्चा घायल हो गया।