देहरादून: पर्यटन सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मिशन के तीनों चरणों फेस-1, 2 और 3 की प्रगति पर चर्चा की गई।
सचिव पर्यटन द्वारा विशेष रूप से फेस-1 के तहत नन्दा देवी मंदिर और हाटकालिका मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था एवं समयबद्ध पूर्णता की दिशा में प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों की साफ-सफाई और सुंदरता को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पर्यटन उद्यमी प्रोत्साहन योजना की समीक्षा भी की गई, जिसके अंतर्गत उत्तराखंड के मूल निवासियों को 1 करोड़ से 5 करोड़ तक की वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
सचिव पर्यटन द्वारा इन्वेस्टर समिट 2023 के उपरांत पर्यटन क्षेत्र में हुए निवेश की भी समीक्षा की गई। अब तक इस क्षेत्र में कुल 207 निवेश एमओयू क्रियान्वित हो चुके हैं, जिसके माध्यम से राज्य को लगभग 5,543 करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है। अंत में सचिव पर्यटन द्वारा निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रही परियोजनाओं के अतिरिक्त सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।