देहरादून: उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय चटख धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है और सर्दी से भी राहत मिल रही है। जबकि सुबह और शाम के समय ठिठुरन भरी ठंड कंपकंपी छुड़ा रही है।
वहीं पर्वतीय क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। कहीं कहीं पर हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा है।
पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी जनपदों तक तापमान में सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। जबकि उधम सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है तो दिन के समय धूप निकलने के कारण ठंड से राहत मिल रही है। देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में भी चटक धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है। जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं रविवार से उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा । इसके साथ ही 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। 9 दिसंबर से प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।