देहरादून: उत्तराखंड की बेटी कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराया है। अल्मोड़ा निवासी 40 वर्षीय एंड्योरेंस एथलीट कविता ने माउंट विंसन (4,892 मीटर) पर सफल चढ़ाई पूरी कर देश का मान बढ़ाया।
कविता चंद ने 12 दिसंबर 2025 को माउंट विंसन के शिखर पर कदम रखा, जो अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी है। यह उनकी 'सेवन समिट्स' चुनौती की दूसरी सफलता है, जिसमें दुनिया के सात महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियां फतह करनी होती हैं। इससे पहले उन्होंने यूरोप की माउंट एल्ब्रस पर विजय प्राप्त की थी।
कविता ने अपना अभियान 3 दिसंबर को भारत से शुरू किया था। कविता 4 दिसंबर को चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं, फिर 7 दिसंबर को यूनियन ग्लेशियर के रास्ते विंसन बेस कैंप (2,100 मीटर) पर ठहरीं। नौ सदस्यीय भारतीय टीम ने अनुभवी पर्वतारोही भरत थम्मिनेनी की कंपनी 'बूट्स एंड क्रैम्पन' के सहयोग से अत्यधिक ठंड, एकांत और अप्रत्याशित मौसम का सामना किया।
कविता मूल रूप से अल्मोड़ा के सुदूर गांव की रहने वाली हैं और फिलहाल मुंबई में रहती हैं । उन्होंने साल 2024 में कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर फिटनेस यात्रा पर निकलीं। मैराथन धावक के रूप में दिल्ली व मुंबई हाइरॉक्स 2025 में अपनी आयु वर्ग में विजेता रहीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कामकाजी महिलाओं को फिटनेस, अनुशासन और बड़े सपनों से जोड़ने का संदेश है।