देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के साथ ही देहरादून में भारी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। देहरादून के पर्वतीय क्षेत्र में भी बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर में आज कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और आकाशीय से बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
देहरादून में मौसम के बदले मिराज को लेकर जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। देहरादून में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून में आज कहीं कहीं भारी बारिश और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और देहरादून के पर्वतीय इलाकों में तीव्र से अति तीव्र बारिश के साथ मध्यम बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है, जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने देहरादून के साथ ही चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी और टिहरी के साथ उधम सिंह नगर में भी मंगलवार से लेकर बुधवार तक कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में 28 जनवरी को भी कई जिलों में मौसम खराब होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 जनवरी को नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी है। पहाड़ी भाग के साथ ही अब मैदानी इलाकों में बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी कम होने की उम्मीद की जा रही है। अब तक रबी के मौसम में बारिश नहीं होने से किसान परेशान थे।