देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय चटक धूप खिलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम के वक्त ठंड अब भी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है।
शनिवार को राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में अभी ठंड का असर बना हुआ है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री और न्यूनतम 3.5 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 18.0 डिग्री और न्यूनतम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज देहरादून सहित कई मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस होगा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से ठंड में कमी आएगी। पूरे प्रदेश में आज मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने के आसार हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।