देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आज राज्य के 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है जबकि 2 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) देहरादून के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है और तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है।
IMD के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इन इलाकों में मौसम बिगड़ने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है। सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। आंकड़ों के मुताबिक, उत्तराखंड के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
भीषण ठंड के बावजूद चमोली जिले के औली में बर्फबारी के बाद नजारा देखने लायक बना हुआ है। टावर नंबर-10 के पास जमी बर्फ देखने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं और स्कीइंग का आनंद ले रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान माइनस में बना रहेगा, जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, हालांकि रात की ठंड अभी बरकरार है।
राजधानी देहरादून में आज मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। IMD के अनुसार दिन में धूप निकल सकती है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। आज देहरादून में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 10°C रहने का अनुमान है। फिलहाल शहर के लिए बारिश या कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।