मसूरी: उत्तराखंड की ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ मसूरी एक बार फिर हाई-प्रोफाइल शादियों का केंद्र बनने जा रही है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ मसूरी के ऐतिहासिक द वेलकम सवाय होटल में सात फेरे लेंगे।
शादी समारोह के लिए होटल के सभी कमरे 13 और 14 मार्च को बुक कर दिए गए हैं। मेहमानों की सुविधाओं के लिए जेडब्ल्यू मैरियट और वालनेट ग्रोव रिसॉर्ट में भी ठहरने की व्यवस्था की गई है। अधिकांश मेहमान 15 मार्च को वापसी करेंगे।
शादी समारोह में क्रिकेट और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं, जिनमें टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित होगा, जिसमें क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति और बीसीसीआई के दिग्गज शामिल होंगे।
वंशिका, कानपुर के श्याम नगर की निवासी और एलआईसी में कार्यरत हैं, और कुलदीप यादव बचपन के दोस्त हैं। दोनों के घर के बीच की दूरी केवल 3 किलोमीटर है। समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई और 4 जून 2025 को लखनऊ में दोनों ने सगाई की। वंशिका इस समय ऑस्ट्रेलिया में जॉब कर रही हैं।
कुलदीप यादव ने साल 2024 में एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी पत्नी उनके लिए खास और परिवार का ध्यान रखने वाली होगी। वंशिका इस मानदंड को पूरा करती हैं और इसलिए कुलदीप ने अपने जीवनसाथी के रूप में उन्हें चुना।
पिछले कुछ वर्षों में मसूरी देश-विदेश के वीआईपी और सेलिब्रिटी विवाह समारोहों का पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। प्राकृतिक सुंदरता, ठंडा मौसम, लग्जरी होटल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था इसे हाई-प्रोफाइल शादियों के लिए आदर्श बनाते हैं।
विशेषकर द वेलकम सवाय होटल, जेडब्ल्यू मैरियट और वालनेट ग्रोव रिसॉर्ट हाई-प्रोफाइल शादियों के लिए पहली पसंद बन चुके हैं। कुलदीप यादव और वंशिका की शादी इस कड़ी का हिस्सा है, जो मसूरी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला रही है।
13 मार्च: हल्दी-मेहंदी और प्री-वेडिंग रस्में
14 मार्च: मसूरी के द वेलकम सवाय होटल में मुख्य शादी समारोह
17 मार्च: लखनऊ में भव्य रिसेप्शन