देहरादून/हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की शिखा और गाजीपुर की आकांक्षा की रैंक विवाद के बाद अब उत्तराखंड और केरल में भी विवाद खड़ा हो गया है। उत्तराखंड में रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र से यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाली फैरूज फातिमा की खुशियां उस समय हवा हो गईं, जब केरल की फैरूज फातिमा एम ने भी ऑल इंडिया रैंक 708 पर आने का दावा कर दिया।
इन दोनों के दावों के बाद अब नया विवाद खड़ा हो गया है और साथ ही असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है। वहीं, अब सबकी नजर यूपीएससी की ओर से जारी की जाने वाली मार्कशीट पर टिकी हुई हैं। जिसके बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
देश के दो अलग-अलग राज्यों की दोनों युवतियों ने मेरिट लिस्ट में एक ही रैंक 708 पर अपना-अपना दावा किया है। दोनों ही युवतियों का नाम भी फैरूज फातिमा है। इनके मेरिट लिस्ट में रैंक के दावे पर दोनों परिवारों से लेकर सोशल मीडिया तक विवाद के साथ-साथ असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, रुड़की के कलियर क्षेत्र में रहने वाली फैरूज फातिमा दावा कर रहीं हैं कि लिस्ट में उन्हीं का नाम है, लेकिन यह भी कह रहीं हैं कि यूपीएससी 15 से 20 दिन के भीतर मार्कशीट जारी कर देगा। इसके बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
बता दें कि रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर की बेटी फैरूज फातिमा ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में एआईआर 708 रैंक पर अपना दावा किया था। मेरिट लिस्ट में नाम आने पर फातिमा के घर के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशियां मनाई गईं और रात के समय क्षेत्र में रोड शो भी किया गया।
उत्तराखंड में इधर जश्न चल रहा था तो वहीं दूसरी तरफ केरल से भी फैरूज फातिमा एम नाम की युवती ने एआईआर 708 रैंक पर दावा कर दिया। फैरूज फातिमा के दावे को पुख्ता इसलिए भी माना जा रहा है, क्योंकि जिस कोचिंग संस्थान से उसने कोचिंग की थी, वहां से भी सोशल मीडिया में पोस्ट और पोस्टर जारी किए गए हैं।
इन दोनों युवतियों के एक ही रैंक पर दावा करने से यहां विवाद की स्थिति चल रही है और खुशियां मनाने के समय में दोनों ही परिवारों के साथ-साथ उत्तराखंड और केरल में असमंजस का माहौल बना हुआ है। हालांकि, दोनों ही फैरूज फातिमा और उनके परिजनों को नाते-रिश्तेदारों द्वारा बधाइयां दी जा रही हैं, लेकिन फिर भी सबकी नजरें यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकी हुई हैं।
पिरान कलियार की फैरूज फातिमा या केरल की फैरूज फातिमा एम इन दोनों युवतियों का विवाद अब सोशल मीडिया में भी छा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें कहा गया है कि पिरान कलियर की फैरूज ने एडमिट कार्ड में रोल नंबर को एडिट करके यह सब किया, जबकि वह प्री भी नहीं पास है। असली चयनित फैरूज फातिमा केरल की हैं। उत्तराखंड की यह फैरूज इस वक्त आरबीआई में काम कर रही हैं। अब उसके भी कागज जांचें जा रहे हैं।