देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज अलग-अलग इलाकों में अलग रूप में नजर आ रहा है। जहां मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है, वहीं पर्वतीय जिलों में ठंड और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। खासतौर पर 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं, जिससे ठंड का असर बना रहेगा।
राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। देहरादून में तेज धूप निकल रही है, जिससे तापमान में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक अब भी महसूस की जा रही है।
देहरादून समेत मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप पसीने छुड़ा रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंड बनी हुई है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंखमिचौली के बीच हल्की बारिश ठंड को बनाए हुए है।
सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 18.8 और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18.2 और न्यूनतम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 18.6 और न्यूनतम 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का यह बदला हुआ रुख अभी जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्वतीय जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य जनपदों में आज मौसम शुष्क ही बना रहेगा। कहीं भी भारी बारिश या बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे सामान्य जनजीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।