देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के पांच पर्वतीय जनपदों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 31 मार्च तक प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। बीच-बीच में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम शुष्क हो गया है। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास बढ़ गया है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी हुई है।
दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन बीच-बीच में चलने वाली ठंडी हवाएं लोगों को राहत भी दे रही हैं।
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में कुछ स्थानों पर तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि अगले 2-3 दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। सर्द-गर्म के इस बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। अस्पतालों में गले में दर्द, खराश और सूजन जैसी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।