देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों अलग-अलग क्षेत्रों में अलग बना हुआ है। पर्वतीय जिलों में जहां हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है।
आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। वहीं, राज्य के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड में 7 अप्रैल तक मौसम का यही पैटर्न बना रहने का पूर्वानुमान है। कुछ पर्वतीय जिलों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
3 अप्रैल को देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 7 अप्रैल तक पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
प्रदेश के मैदानी जिलों में तेज धूप के कारण गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। बीच-बीच में बादल छाने से उमस और बढ़ रही है। हालांकि, हवाएं चलने से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिलती है, लेकिन उमस लगातार बनी हुई है।
पर्वतीय जिलों में जहां बारिश हो रही है, वहां मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन दिन में गर्मी और रात में ठंड का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। तापमान में इस उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम या सामान्य दर्ज किया गया। आने वाले एक-दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो-तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग अब बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मौसम में ठंडक आए और राहत मिल सके।