देहरादून: उत्तराखंड में वीकेंड पर देहरादून, मसूरी और आसपास के पर्यटक स्थलों पर बढ़ रहे यातायात को नियंत्रित करने और पर्यटकों की सुविधा के लिए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यह योजना 3 से 5 अप्रैल तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए कुठालगेट पर पर्यटक सहायता केंद्र भी स्थापित किया है, जिससे कि लोगों को मार्गदर्शन और मदद मिल सके।
उत्तराखंड यातायात पुलिस ने बताया कि वीकेंड के दौरान मसूरी जाने वाले पर्यटकों को जाम और असुविधा से बचाने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इस दौरान पुलिस वाहन मार्गों पर तैनात रहेंगे और पर्यटकों को सही मार्ग और पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
दिल्ली, रुड़की और सहारनपुर से आने वाले पर्यटकों के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है। इन यात्रियों को मोहण्ड-आशारोड़ी-ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा-कमला पैलेस-बल्लुपुर चौक-गढ़ी कैन्ट तिराहा-अनारवाला तिराहा-जोहड़ी गांव-मसूरी रोड-कुठालगेट के माध्यम से भेजा जाएगा।
हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी प्लान तैयार किए गए हैं। प्लान A में हरिद्वार/ऋषिकेश से हर्रावाला-मोहकमपुर फ्लाईओवर-जोगीवाला-यू टर्न कैलाश अस्पताल-पुलिया नं0 06-रिंग रोड-लाडपुर तिराहा-सहस्त्रधारा क्रॉसिंग-आईटी पार्क-किरसाली चौक-साईं मंदिर तिराहा-ओल्ड राजपुर रोड-कुठालगेट से मसूरी भेजा जाएगा।
मसूरी क्षेत्र में उपलब्ध पार्किंग क्षमता का 70 प्रतिशत उपयोग होने पर प्लान B लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत पर्यटक वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से पर्यटक लोकल टैक्सी सेवा द्वारा अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पेसिफिक मॉल में ट्रैफिक दबाव होने पर पर्यटकों को डायवर्जन करके दिलाराम मार्ग से कैनाल रोड और ग्रेट वैल्यू तिराहा के माध्यम से भेजा जाएगा। सेन्ट्रियो मॉल में दबाव बढ़ने पर एनेक्सी तिराहा से सीएसडी तिराहा और बिन्दाल मार्ग से वाहनों को संचालित किया जाएगा। सहस्त्रधारा, गुच्चुपानी और अन्य मुख्य मार्गों पर भी बैरियर और वैकल्पिक मार्ग बनाए जाएंगे।
मसूरी से वापस जाने वाले पर्यटकों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। सामान्य ट्रैफिक स्थिति में, वाहनों को मसूरी–कुठालगेट–ओल्ड राजपुर रोड–राजपुर-साईं मंदिर-किरसाली चौक-आईटी पार्क-तपोवन बाईपास रोड-नालापानी चौक-तपोवन गेट-लाडपुर तिराहा-जोगीवाला से हरिद्वार/ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा।
यदि यातायात अत्यधिक बढ़ता है, तो प्लान C के अनुसार वाहनों को सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, लालतप्पड़, भानियावाला, रानीपोखरी, गुजराडा रोड, नरेन्द्रनगर, भद्रकाली, बायपास रोड, तपोवन तिराहा, तपोवन चौकी, ब्रह्मपुरी और शिवपुरी मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।