देहरादून: सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी रोती दिख रही हैं। दरअसल वह देहरादून के परेड ग्राउंड में उत्तरायणी कौथिग में शिरकत करने गई थीं। मंच से अपने संबोधन के दौरान वह भावुक हो गईं और उनके आंसू निकल आए।
गीता धामी ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्य सेवक पुष्कर सिंह धामी ने अपने परिवार के लिए एक दिन का भी समय नहीं निकाला। वह चार साल प्रदेश की सेवा में लगे रहे। नकल विरोधी कानून बनाकर 26 हजार लोगों को नौकरियां दी। इसके बावजूद उनके ऊपर झूठे आरोप लग रहे हैं।
'धामी जी ने लिव इन को मान्यता नहीं दी'अपने आंसुओं को पोछते हुए गीता धामी ने आगे कहा- 'कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि धामी ने धर्म के खिलाफ यूसीसी लाए और लिव इन को मान्यता दी। जबकि लिव इन रिलेशनशिप को मान्यता सुप्रीम कोर्ट पहले ही दे चुका है। धामी ने सिर्फ उसके लिए नियम और कानून बनाए। जब तक नियम और कानून नहीं होता है, हमारा समाज असभ्य बन जाता है। ये असभ्य लोग चिल्लाकर चिल्लाकर झूठ बोलते हैं और सच्चाई बहुत आराम से अपना काम करती है जैसे धामी जी काम करते हैं।'