देहरादून: देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में एक चालीस वर्षीय व्यक्ति की गोली मार कर उस समय हत्या कर दी गई, जब वह जिम से बाहर आ रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देहरादून में सिर्फ 15 दिनों के अंदर यह 5वीं हत्या है। शुक्रवार सुबह 10 बजे यह हत्या तब हुई, जब युवक मॉल से बाहर जिम करके निकल रहा था। तभी 2 हमलावरों ने सीढ़ियों पर उसे गोली मार दी और वह वहीं गिर गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक का नाम विक्रम शर्मा है और वह प्रॉपर्टी डीलर होने के साथ ही स्टोन क्रेशर संचालन का काम करता था। मृतक विक्रम प्रतिदिन इसी समय जिम से बाहर निकलता था। घटनाक्रम को देखते हुए माना जा रहा है कि हमलावर लंबे समय से विक्रम की रेकी कर रहे थे और मौका पाकर उन्होंने घटना को अंजाम दे दिया। यह दोनों हमलावर पैदल आए थे और जिम से निकलते हुए विक्रम को गोली मारकर पैदल ही यहां से भाग निकले। हमलावरों की तलाश में जहां शहर भर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, वहीं सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतक विक्रम शर्मा गैंगस्टर था। उस पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जिसमें से 30 से अधिक तो हत्या के ही मुकदमे थे। पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़ कर भी जांच कर रही है। मामले के तार झारखंड गैंग से भी जुड़ रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि करीब 10 साल पहले विक्रम शर्मा को झारखंड पुलिस गिरफ्तार करके ले गई थी। लंबे समय तक वह जेल में बंद रहा। अब वह यहां रह कर कारोबार कर रहा था।
देहरादून के चंद्रमणि क्षेत्र के श्मशान घाट के पास नाले में एक युवक की लाश मिलने से अफरातपफरी का माहौल है। पुलिस युवक की शिनाख्त के साथ ही मामले की जांच में जुटी हुई है।