मसूरी: उत्तराखंड की मसूरी की अपनी अलग पहचान है। यहां पर्यटकों के हर सीजन में भीड़ लगी रहती है। माल रोड से मसूरी की पहचान होती है। माल रोड अब एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। माल रोड से पारंपरिक साइकिल रिक्शा हटाकर इसकी जगह गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा चलाया जाएगा।
मसूरी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मसूरी के सुंदरीकरण और माल रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए यह फैसला जरूरी था। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन की योजना के अनुसार, शुरुआती चरण में करीब 40 गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी। हर गोल्फ कार्ट में दो लोगों को समायोजित किया जाएगा, ताकि अधिकतम श्रमिकों को रोजगार मिल सके। जो गोल्फ कार्ट पहले से संचालित हैं, उनमें भी अतिरिक्त व्यक्ति को जोड़ा जाएगा।
इस बदलाव से कुल 121 रिक्शा श्रमिक प्रभावित होंगे। ऐसे में विस्थापन को संतुलित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से गोल्फ कार्ट मंगाई जाएंगी। अगर सहमति बन जाती है तो ये वाहन केवल माल रोड ही नहीं, बल्कि मसूरी के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी चलाए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही माल रोड समेत अन्य जगहों पर भीड़ कम होगी।
"माल रोड मसूरी की पहचान है। जहां रोजाना हजारों पर्यटक सैर करने आते हैं। ऐसे में प्रशासन का यह निर्णय शहर की पारंपरिक तस्वीर को बदलने वाला साबित हो सकता है।
गौरव भसीन, अधिशासी अधिकारी, मसूरी"
उन्होंने कहा कि जो श्रमिक रिक्शा संचालन जारी नहीं रखना चाहते, उन्हें लगभग सवा दो लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए सूची तैयार की जाएगी। इसके अलावा विशेष रूप से 13 विधवा महिलाओं को वेडिंग जोन में समायोजित करने की योजना है, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो। ई-रिक्शा चालकों को 15 दिन के भीतर प्रस्ताव देने को कहा है, जिससे अंतिम निर्णय लागू किया जा सके।