देहरादून: उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
रविवार से ही पहाड़ों में मौसम ने करवट ले ली थी। दोपहर बाद ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया, जबकि निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड लौट आई है।
बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। इसके अलावा केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बादलों का डेरा रहा और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। पिथौरागढ़ जनपद में भी हल्की बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज और कल प्रदेश में मौसम बदला हुआ रह सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है।
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह हल्की धूप देखने को मिली, लेकिन दोपहर बाद धूप और बादलों की आंख-मिचौली जारी रही। शाम के समय चली सर्द हवाओं से ठंड का एहसास बढ़ गया। आज आंशिक बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण एक बार फिर ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने और गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी है।