देहरादून: उत्तराखंड में पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, प्रदेश के मैदानी और निचले क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
रविवार को चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश के चलते ठंड लौट आई। चमोली जनपद के गोपेश्वर में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज हुई। बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, काली माटी, नीति और माणा घाटी में बर्फबारी हुई। नंदा नगर, नंदप्रयाग, ज्योर्तिमठ, पोखरी और पीपलकोटी में हल्की बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी से इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई और ठंडी हवाओं ने मौसम को और कड़ाके का बना दिया।
मैदानी क्षेत्रों में दिन में धूप खिलती रही और बादलों के बीच आंख-मिचौली भी चलती रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को भी ठंडी हवाओं का प्रभाव पर्वतीय क्षेत्रों में जारी रहेगा, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 25 फरवरी से प्रदेशभर में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर समाप्त होने की संभावना है।