देहरादून: उत्तराखंड में आज से मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 मार्च तक प्रदेशभर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। लगातार शुष्क मौसम के चलते आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह से चटक धूप खिल रही है, जिससे दिन के समय अच्छी-खासी गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंड अब भी बनी हुई है।
राजधानी देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच बड़ा अंतर देखा जा रहा है, जिसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.0 और न्यूनतम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 18.1 और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के मैदानी जनपदों में लगातार शुष्क मौसम के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। दिन के समय धूप की तीव्रता बढ़ने से गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक रह सकता है।
शुष्क मौसम का असर जंगलों में भी साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार को उत्तरकाशी वन विभाग की मुखेम रेंज में आग लग गई। इस आग से अमूल्य वन संपदा और वन्य जीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
इसके अलावा संकुरणाधार से लगे ऊंचाई वाले जंगलों में भी आग की घटनाएं सामने आई हैं। वन विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि शुष्क मौसम लंबा चला तो जंगलों में आग लगने की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल किसी प्रकार की बारिश या बर्फबारी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिन का तापमान और बढ़ सकता है।