देहरादून: उत्तराखंड में होली के मौके पर मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। चटक धूप खिलने से मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में सामान्य तापमान से 5-6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। लगातार शुष्क मौसम के कारण दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार 7 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इस बदलाव का तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा और गर्मी का असर बरकरार रहेगा।
गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उत्तरकाशी के सेम मुखेम रेंज क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जंगलों में आग लगी हुई है। पोखरी और कोठियाल गांव के ऊपर कई स्थानों पर वन क्षेत्र धधक रहा है।
जंगलों में लगी आग से वन संपदा और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं।