मसूरी: पर्यटन सीजन शुरू होते ही मसूरी नगर पालिका ने माल रोड की यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। नगर पालिका अध्यक्ष ने माल रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित समय में किसी भी वाहन को माल रोड पर प्रवेश न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे के बाद माल रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि स्थानीय लोगों को शाम छह बजे तक सीमित छूट दी गई है। देहरादून से आने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को पास के आधार पर एक बार आने-जाने की अनुमति मिलेगी।
मीरा सकलानी ने कहा कि प्रवेश शुल्क वसूली व्यवस्था को तेज और आसान बनाने के लिए जल्द ही बैरियर पर स्कैनर और ऑनलाइन भुगतान सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटकों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
"नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि माल रोड को और अधिक सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रवेश द्वार निर्माण की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
मीरा सकलानी, पालिकाध्यक्ष, मसूरी"
उन्होंने बताया कि माल रोड व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। नियमों का उल्लंघन करने और रोड साइड पार्किंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। आपातकालीन सेवाओं और बुजुर्गों को विशेष परिस्थितियों में छूट दी जाएगी।