देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में आज मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कहीं-कहीं बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ बिजली चमकने और मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के सभी जिलों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। इसे लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 4 और 5 मई को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दिनों मौसम अधिक खराब रहने की संभावना है।
इन दिनों उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से जहां पहाड़ी क्षेत्रों और चारधाम में ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानी इलाकों को भी गर्मी से राहत मिली है। शनिवार शाम को देहरादून में तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया।
ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने और आपदा की स्थिति में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के लिए कहा गया है।
विनोद कुमार सुमन, सचिव आपदा प्रबंधन