मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी की लाइफलाइन माने जाने वाले देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नया स्थायी डबल लेन पुल तैयार होगा। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिव मंदिर के निकट 12 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया है। इस पुल के निर्माण से मसूरी आने-जाने वाले लाखों टूरिस्टों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुश्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन मार्गों में शामिल है और यह पुल मसूरी की लाइफलाइन के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि साल 2025 की आपदा में पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में वैली ब्रिज बनाकर यातायात सुचारू किया गया। अब स्थायी समाधान के रूप में आधुनिक तकनीक से नया डबल लेन पुल तैयार किया जाएगा।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष बीजेपी की बढती लोकप्रियता से घबरा गया है और बेवजह के आरोप लगाकर अपने आप को जिंदा रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि लेकिन उससे कुछ नही होने वाला है। उन्होने कहा कि हाल में पाच राज्यों में हुए चुनावों में से तीन राज्यों में बीजेपी को प्रचंड जीत हासिल हुई है। इससे साफ है कि देश में पीएम मोदी का मैजिक बरकरार है ओर इसी तर्ज पर आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी बीजेपी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में अपना अहम योगदान देगी।
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि राज्य योजना के तहत देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर सेतु, 7.5 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिज वे, दोनों ओर तीन-तीन मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर सहित आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट की कुल लागत 12.17 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और निर्माण कार्य पूर्ण करने की समय सीमा 21 अगस्त 2026 तय की गई है।
मसूरी पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी और व्यापारियों ने पुल निर्माण को मसूरी के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि इससे पर्यटन सीजन में लगने वाले जाम और यातायात दबाव में कमी आएगी। लोगों का मानना है कि नया डबल लेन पुल न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि भविष्य में बढ़ते पर्यटन दबाव को संभालने में भी अहम भूमिका निभाएगा।