देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले कई दिनों से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के कारण लोगों को मई की भीषण गर्मी से राहत मिली है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जहां तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था, वहीं अब मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने और धूप खिलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड का असर भी बढ़ गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं मैदानी जिलों में पिछले दो दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। देहरादून, उधम सिंह नगर और हरिद्वार समेत कई इलाकों में धूप खिलने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है। हालांकि फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 11 मई से प्रदेशभर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम प्रणाली में सक्रिय बदलाव के चलते कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तराखंड के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन फिलहाल सक्रिय है। इसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। वहीं दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तर पर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।
इन दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के चलते उत्तराखंड के कई हिस्सों में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 16.6 और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22.0 और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।