चमोली/देहरादून: सीमांत जनपद चमोली के नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर डबल लेन निर्माण कार्य के दौरान पूरी पहाड़ी दरक कर गिर गई। पहाड़ी के टूटकर गिरने का दृश्य स्थानीय लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया। कई लोग तो इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मंजर को देखकर अपनी गाड़ियां छोड़ वहां से दौड़कर दूसरी दूर चले गए। बाधित नेशनल हाईवे को खोलने के लिए स्थानीय प्रशासन और बीआरओ की टीम जुटी हुई है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानसून सीजन के दौरान अक्सर इस तरह के दृश्य दिखाई देते हैं, लेकिन सूखी पहाड़ी के दरकने से लोग भी दहशत में आ गए हैं। चमोली जनपद के नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर के समय यह रोंगटे खड़ा कर देने वाला मंजर दिखाई दिया।
नेशनल हाईवे पर डबल लेन का काम चल रहा है। इसी दौरान एक पहाड़ी भरभरा कर गिर गई। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। सड़क के दूसरी ओर से लोग वीडियो बनाते हुए जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। पहाड़ी दरकने के बाद कुछ समय तक हर तरफ धूल का गुबार दिखाई दिया।
वहीं, पहाड़ी का मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग भी बाधित हो गया। जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। बीआरओ और स्थानीय प्रशासन पहाड़ी दरकने की सूचना पर मौके पर पहुंचे और रास्ता खुलवाने का काम शुरू किया। हालांकि, पहाड़ी से बार-बार पत्थर और मलबा गिरने के कारण मार्ग खोलने में भी बाधा आ रही थी।