पौड़ी: उत्तर प्रदेश के पौड़ी जिले की डीएम स्वाति एस. भदौरिया की चर्चा खूब हो रही है। डीएम ने जल संस्थान कार्यालय में गड़बड़ी की लगातार शिकायतों के बाद स्थिति का जायजा लेने का फैसला लिया। दरअसल, जिले में इस भीषण गर्मी के बीच पेयजल की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम स्वाति एस. भदौरिया मंगलवार को जल संस्थान दफ्तर औचक निरीक्षण पर पहुंची थीं। औचक निरीक्षण में जब डीएम ने अधिकारियों को नहीं देखा तो उनके बारे में जानकारी मांगी। इसी दौरान एक जूनियर इंजीनियर को वीडियो कॉल किया गया तो वह ड्यूटी समय में अपने घर पर मौजूद मिले।
डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने जेई के ड्यूटी के दौरान घर पर रहने को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित जेई के खिलाफ तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पेयजल जैसे जनहित से जुड़ी व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं, सुप्रीटेंडेंट इंजीनियर भी ऑफिस में मौजूद नहीं थे। डीएम ने इस मामले में उनसे भी जवाब-तलब किया है। डीएम ने निरीक्षण की रिपोर्ट सचिव पेयजल को भेजी है।
डीएम ने औचक निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम की व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने कार्यालय परिसर के बाहर फोन नंबर चिपकाने का आदेश दिया है। डीएम ने कहा कि कंट्रोल रूम में आने वाली हर शिकायत का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाए। शिकायतों को दूर किए जाने के बाद शिकायतकर्ता को इस संबंध में जानकारी दी जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जहां भी पेयजल की किल्लत है, वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या को निपटाएं। गिरगांव में पेजयल शिकायत पर डीएम ने कहा कि अगर क्षेत्र में समय पर और पर्याप्त पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही है तो संबंधित फिटर को हटाएं और वैकल्पिक व्यवस्था करें।
डीएम ने जॉइंट मजिस्ट्रेट को फील्ड में निरीक्षण कर शिकायत निपटारे के लिए भेजे जाने वाले जेई और अन्य कर्मियों की उपस्थिति को सुनिश्चित कराएं। इसके लिए पटवारियों के माध्यम से उनकी उपस्थिति का वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल संस्थान के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान के लिए कर्मचारी भेजे जा रहे हैं, उसकी सूचना संबंधित जनप्रतिनिधियों और ग्राम स्तर के जिम्मेदार व्यक्तियों को भी दें।
डीएम ने कार्यालय परिसर में सीसीटीवी लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि फील्ड में कार्यरत कार्मिकों की नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी। डीएम के कड़े निर्देश ने लोगों को समय पर समस्या के निपटारे की उम्मीद जगाई है।
स्वाति शर्मा भदौरिया 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। यूपीएससी में 74वीं रैंक लाने वाली इस इंजीनियर को शुरुआत में छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। स्वाति ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन से बीटेक की डिग्री ली है। उनकी शादी 2011 बैच के आईएएस नितिन भदौरिया से हुई है। शादी के बाद उन्होंने वर्ष 2015 में छत्तीसगढ़ कैडर से उत्तराखंड कैडर में ट्रांसफर लिया। देहरादून एवं मसूरी में एसडीएम और एमएसमई विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी रह चुकी हैं। खादी और ग्रामोद्योग विभाग उत्तराखंड में एडिशनल सीईओ रह चुकी स्वाति को 2022 में प्रधानमंत्री अवार्ड मिला था।
पौड़ी डीएम के रूप में स्वाति भदौरिया लोगों से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं को सुनने और उसके निपटारे को लेकर खूब चर्चा में रही हैं। पिछले दिनों एक युवक अपनी शादी न होने की शिकायत लेकर उनके पास पहुंच गया था। इस शिकायत पर वे मुस्कुराती नजर आई थीं। इससे पहले वे अपने बेटे का आंगनबाड़ी केंद्र में एडमिशन कराकर चर्चा में आई थीं।