देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
राजधानी देहरादून में गुरुवार को तेज धूप खिली, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि इससे पहले दो दिनों तक हुई बारिश ने ठंड का असर बढ़ा दिया था। दिन में धूप के बावजूद ठंडी हवाएं चलने से लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होता रहा, जिसके चलते कई लोग अभी भी गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं।
देहरादून में अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा बना हुआ है, मुक्तेश्वर में अधिकतम 6.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नई टिहरी में अधिकतम 8.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
केदारनाथ धाम क्षेत्र में लगातार बर्फबारी के कारण 4 से 5 फीट तक बर्फ जमा हो गई है। इससे हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन की टीम हेलीपैड, रुद्र पॉइंट और संगम सेतु तक बर्फ हटाने में जुटी हुई है। मशीनों और मैनपावर की मदद से यात्रा मार्ग को व्यवस्थित किया जा रहा है।
प्रशासन का लक्ष्य यात्रा शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में केदारपुरी क्षेत्र में फिर से बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।