देहरादून: उत्तराखंड को दिल्ली से जोड़ने वाला एक्सप्रेसवे बनकर पूरी तरह से तैयार हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इसका उद्घाटन किया। दोपहर 2 बजे से एक्सप्रेसवे पर विधिवत ट्रैफिक की भी शुरुआत हो गई। अभी लोगों को इस एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स नहीं देना पड़ रहा है, इसलिए बड़ी संख्या में वाहन गुजर रहे हैं। इसके बाद भी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की स्थिति कैसी है, इसका जायजा लेने स्वयं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी निकले।
गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के सफर का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया है। दरअसल, भाजपा सांसद पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान देहरादून में रहे। इसके बाद उन्होंने शाम करीब 5:15 बजे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की यात्रा शुरू की। इससे पहले उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे का आज पीएम मोदी ने उद्घाटन किया। इसमें मैंने भी भाग लिया।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि अभी 5:15 बज (मंगलवार शाम) रहे हैं और मैंने देहरादून से यात्रा की शुरू की है। देखते हैं कि हमारी यात्रा कितनी देर में पूरी होती है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर करते हुए उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के लिए काफी प्रसन्नता का दिन है। उन्होंने रास्ते में कहा कि यह शानदार, अतुलनीय और अकल्पनीय हाइवे है।
अनिल बलूनी मंगलवार शाम 7:35 दिल्ली पहुंचकर एक बार फिर वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि मैं अभी इंडिया गेट पर हूं। मुझे देहरादून से दिल्ली पहुंचने में दो घंटे 20 मिनट का समय लगा। उन्होंने कहा कि जो दूरी पहले 6 घंटे में तय होती थी। अब वह ढाई घंटे में पूरी हो रही है। सांसद अनिल बलूनी ने एक्सप्रेसवे को 'गेम चेंजर' बताते हुए इसके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया।