देहरादून: सीबीएसई 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। 93.70 प्रतिशत बच्चे पास हो गए हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी पुलिस परिवार के रिवाली तोमर 96.6%, आरूषि पुण्डीर 94.8% और ऋतिक सारस्वत 91.4% ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। तीनों ने पुलिस परिवार का नाम रोशन किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय द्वारा सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बताया गया कि ये बच्चे अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। एसपी महोदया द्वारा मेधावी बच्चों के परिजनों को भी बधाई दी और कहा कि पुलिस की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद परिवारों ने बच्चों की शिक्षा पर पूरा ध्यान दिया, जो सराहनीय है।
पुलिस विभाग में ड्यूटी की व्यस्तता के बीच बच्चों का यह प्रदर्शन बताता है कि अनुशासन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इससे अन्य पुलिसकर्मियों के बच्चों का भी मनोबल बढ़ेगा। शिक्षा से ही समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। पुलिस विभाग आगे भी अपने कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई, खेल और अन्य कलात्मक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा।
बता दें कि 15 अप्रैल को सीबीएसई 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी हुआ था। 55 हजार से ज्यादा छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंकों से परीक्षा पास की है। 2 लाख 20 हजार से अधिक छात्रों ने 91 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। इस बार फिर लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। 94.44 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। लड़के 92.69 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए हैं।