देहरादून: हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया। इस एक्सप्रेसवे के चलते दोनों शहरों के बीच की दूरी घटकर 215 किलोमीटर हो गई है। वाहन चालक ढाई से तीन घंटे के भीतर ये सफर पूरा कर ले रहे हैं। इस बीच, उतराखंड रोडवेज ने बड़ा फैसला लिया है। उसने देहरादून से दिल्ली जाने वाली वाली साधारण, वॉल्वो और एसी बस सेवा का किराया घटा दिया है। ऐसा पुराने रूट की तुलना में दूरी कम होने की वजह से किया गया है। पुराने रूट से दिल्ली और देहरादून के बीच दूरी 260 किलोमीटर पड़ती थी और सफर तय करने में भी 5 घंटे का समय लगता था।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिये देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब साधारण बस के लिए 350 रुपये देने होंगे। इसी तरह एसी बस का किराया 557 रुपये और वॉल्वो का किराया 709 रुपये निर्धारित किया गया है। पहले वॉल्वो का किराया 945 रुपये, एसी बस का 704 रुपये और साधारण बस का किराया 420 रुपये था। वॉल्वो का किराया 236 रुपये, एसी बस का किराया 147 रुपये और साधारण बस का किराया 65 रुपये कम हुआ है।
उत्तराखंड परिवहन विभाग के सहायक जनरल मैनेजर प्रतीक जैन ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद ही रोडवेज ने ये फैसला लिया है। हमने पहले रूट सर्वे करवाया जिसमें दूरी 215 किमी रह गई है। इसी आधार पर बसों का किराया रिवाइज किया गया है।
प्रतीक जैन ने बताया कि फिलहाल साधारण बसों को अभी पुराने रूट से ही चलाया जा रहा है। यह रूट वाया रुड़की और मुजफ्फरनगर दिल्ली जाती है। अगर सवारियों की पर्याप्त संख्या मिलती है तो साधारण बसों का संचालन भी दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे के जरिये किया जाएगा।