देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में और देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में जहां बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं मैदानी जिलों में गर्मी ने पसीने छुड़ा रखे हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है और तेज धूप निकल रही है जिसकी वजह से तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है।
हालांकि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज हल्की बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में 23 जून तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और सताएगी।
बुधवार को भी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप निकली। सुबह से ही निकल रही चटक धूप परेशान कर रही है। हालांकि दिन के समय बादल छाने से तेज धूप से तो राहत मिली लेकिन उमसभरी गर्मी ने बेहाल कर दिया। दिन के साथ-साथ रात के समय में भी उमसभरी गर्मी हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। तो वही देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। इसी तरह से 23 जून तक पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।