देहरादून : देहरादून के 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने परिजनों को पेट और सीने में तेज दर्द बताया। परिजन युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देहरादून में रहने वाले रस्तोगी परिवार श्रीनगर गढ़वाल स्थित धारी देवी मंदिर दर्शन के लिए गए थे, लौटते समय युवक ने बंजी जंपिंग की इच्छा जताई। बंजी जंपिंग करने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मंदिर दर्शन कर लौट रहे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून के कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी का 21 वर्षीय पुत्र लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी के दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय अलकनंदा नदी के ऊपर मूल्यगांव के पास स्थित एक बंजी जंपिंग पॉइंट पर लक्ष्य ने बंजी जंपिंग करने को कहा। परिजनों ने सहमति दे दी। बंजी जंपिंग के बाद युवक को अचानक पेट और सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे पास के एक लॉज में ले गए। वहां हालत बिगड़ने और बेहोश होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक हो सकता है। डॉक्टरों के अनुसार रात में करीब नौ बजे जब परिजन लक्ष्य रस्तोगी को अस्पताल लेकर आए, तो युवक की पल्स नहीं चल रही थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए सीपीआर भी दिया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। बंजी जंपिंग के तुरंत बाद पेट में दर्द और सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी थी। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की मौत का कारण सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक हो सकता है।