उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में आज कहीं- कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने के आसार बने हुए हैं।
प्रदेश में भले ही मानसून सक्रिय हो गया हो लेकिन गर्मी अभी भी बरकरार है। देहरादून में सोमवार को सुबह से धूप और बादलों के बीच आंख मिचौली चलती रही। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई तो कहीं मौसम बिल्कुल सूखा रहा। दिन के समय तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी ने लोगों को परेशान किया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है तो कहीं लोगों को उमसभरी गर्मी बेहाल कर रही है। वहीं इस गर्मी के बीच बिजली की कटौती और परेशान कर रही है।
ऊर्जा निगम द्वारा आरडीएसएस योजना के तहत बिजली लाइनों के अपग्रेडेशन, पोल बदलने और पेड़ों की छंटाई के लिए 12 जुलाई तक देहरादून के अलग-अलग कॉलोनी में शटडाउन किया जाएगा। जिसके लिए शेड्यूल भी जारी किया गया है। कई क्षेत्रों में तो रोजाना सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। देहरादून में हो रही गर्मी से वैसे ही लोग परेशान हैं तो वहीं अब बिजली की कटौती होने से लोगों को दोहरी मार पड़ रही है। कई घंटे तक बिजली की कटौती होने से लोगों को गर्मी से और जूझना होगा।
इसके साथ उत्तरकाशी के हर्षिल में सुरक्षात्मक कार्य पूरा न होने के चलते आपदा का खतरा बढ़ गया है। यहां पर भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण भूकटाव हो रहा है। जिससे गढ़वाल मंडल विकास निगम, थाना, होटल, होमस्टे और कई आवासीय भवन और सेब के बगीचे खतरे की जद में है। उत्तरकाशी प्रशासन ने खतरे की जद में आए आठ परिवारों को घर खाली करने का नोटिस दिया हैं। उत्तराखंड में बारिश से सोमवार को 97 सड़के बंद हो गई, जिनमें से कई सड़कों को शाम तक खोल दिया गया और शेष सड़कों को खोलने का कार्य जारी है।