देहरादून: उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। तापमान बढ़ने पर बारिश हो जा रही है जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। बारिश से हल्की ठंड का एहसास भी हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी 7 जून तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज इसी तरह से रहने वाला है। देहरादून में मंगलवार शाम को बारिश की बौछारें पड़ने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ पड़ी बौछारों ने देहरादून के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड का एहसास कराया।
लगभग 1 घंटे तक हुई बारिश के चलते शहर की अधिकतर सड़के जलमग्न हो गई तो नालियां भी ओवरफ्लो होकर बहने लगी। गड़ी कैंट क्षेत्र के चीड़ बाग में एक बड़ा पेड़ तेज हवा के कारण उखड़ कर गिर गया। हालांकि इस दौरान वहां से गुजर रहा कोई भी वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया।
देहरादून में दिन के समय तापमान बढ़ गया था और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। लेकिन शाम को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज पर्वतीय जिलों में बारिश हो सकती है जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। पर्वतीय इलाकों में होने वाली बारिश का असर तापमान में भी दिखाई देगा। आगामी 7 जून तक मौसम का मिजाज इसी तरह से बना रहेगा। बता दें कि इससे पहले मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की भी आशंका जताई थी।