देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ देहरादून में आज ओलावृष्टि और तेज बारिश होने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में बिजली चमकने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में बुधवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा और पूरे दिन तेज धूप खिली रही। जिसकी वजह से गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए तो वहीं रात के समय भी उमस भरी गर्मी ने खासा परेशान किया। जबकि मंगलवार को शाम के समय हुई बारिश से गर्मी से खासी राहत मिली थी। लेकिन एक दिन बारिश न होने से मौसम में गर्माहट आ गई और पूरा दिन गर्मी ने बेहाल कर दिया।
लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिली और उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हो गए। आज भी तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। बारिश होने के दौरान गर्मी से कुछ राहत मिल रही है लेकिन बाकी समय गर्म हवाएं और उमस लोगों को परेशान कर रही हैं। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में बिजली चमकने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को हिदायत दी है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से यात्रा न करें और तूफान चलने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहे।